फार्मर्स रजिस्ट्री में बेहतर उपलब्धि, पटना में डीएम को मिला सम्मान
जहानाबाद जिले के लिए एक गौरवपूर्ण पल सामने आया है। AgriStack परियोजना के तहत Farmers Registry में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।
30 अप्रैल 2026 को पटना में आयोजित जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण कार्यशाला के दौरान बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी को किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ने और डिजिटल कृषि पहल को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।

AgriStack भारत सरकार के कृषि विभाग का एक प्रमुख डिजिटल पोर्टल है, जिसके माध्यम से किसानों का पंजीकरण कर उनके कृषि संबंधी आंकड़ों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ उपलब्ध कराना है। इसके जरिए PM-KISAN, बीज अनुदान, खाद सब्सिडी, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी सहित अन्य लाभ सीधे किसानों के बैंक खाते में पहुंचाए जा रहे हैं। साथ ही भविष्य में फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन और आपदा राहत जैसी सुविधाओं में भी आसानी होगी।
जहानाबाद जिले ने इस अभियान के तहत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में कुल 47,499 PM-KISAN लाभार्थियों में से 37,357 यानी करीब 79 प्रतिशत किसानों का Farmers Registry कार्य पूरा कर लिया गया है। पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर फार्मर रजिस्ट्री और e-KYC का कार्य लगातार संचालित किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कृषि विभाग के कर्मियों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। यह सम्मान जिले में डिजिटल कृषि पहल की सफलता और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
Jehanbad News: Jehanabad district honored for excellent performance in AgriStack project












