जहानाबाद जिले के ओकरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना खूनपुरा गांव के पास टरमा मोड़ के समीप हुई, जहां एक टेंपो और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई।मृतक की पहचान देवरा गांव निवासी परमानंद राम के रूप में की गई है। बताया जाता है कि परमानंद राम अपने भाई परशुराम राम के साथ शादी का सामान खरीदने के लिए मसौढ़ी, पटना जा रहे थे। इसी दौरान टरमा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि परमानंद राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पटना जिले के धनरूआ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई परशुराम राम ने बताया कि उनके बेटे की शादी 25 तारीख को होने वाली थी और उसी के लिए दोनों भाई खरीदारी करने जा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही ओकरी थाना प्रभारी सुमन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Jehanabad News: Tempo-tractor collision in Okari, man going for wedding shopping dies.












