बुध, अप्रैल 15, 2026

Jehanabad News: धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती, डीएम-एसपी समेत कई गणमान्य लोग शामिल।

जहानाबाद में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे और पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान सीएसटी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरविंद चौधरी और रामजीवन पासवान के नेतृत्व में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी आंबेडकर जयंती के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के अध्यक्ष धीरज कुमार और महामंत्री अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार संतोष श्रीवास्तव सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर द्वारा रचित संविधान ने देश के हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति का अधिकार दिया है। आज समाज के हर वर्ग को अपनी बात रखने और न्याय पाने का जो अधिकार मिला है, वह बाबा साहेब की देन है। पुलिस अधीक्षक ने भी लोगों से संवाद करते हुए कहा कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव या शोषण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए समान है और हर व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ जीने का पूरा हक है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और एक समतामूलक, न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।

Jehanabad News: Dr. Bhimrao Ambedkar’s 135th birth anniversary celebrated with great pomp, many dignitaries including DM-SP attended.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News