जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी बीघा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृत बच्ची गया जिले के अमझर गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जो इन दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। जानकारी के अनुसार, परस बीघा थाना की पुलिस पेट्रोलिंग वाहन (स्कॉर्पियो) से गश्त पर निकली थी। इसी दौरान बच्ची सड़क पार कर रही थी, तभी वह वाहन की चपेट में आ गई। घटना के बाद परिजन बच्ची को तुरंत इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शकूराबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। कई स्थानों पर लकड़ी और ठेला लगाकर यातायात बाधित कर दिया गया, जिससे करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां से गुजर रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने रोक लिया और गुस्से में उनके साथ मारपीट कर दी। इस घटना में पिंकू कुमार, खुशी कुमार और मंजन कुमार (सभी सावन बीघा, शकूराबाद थाना क्षेत्र निवासी) घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन पीड़ितों को समय पर मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में तत्काल मुआवजा दिया जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एएसपी मनोज पांडे के नेतृत्व में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी, डीएसपी संजीव कुमार, एसडीएम सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सिकरिया थाना की पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
इस दौरान कुछ उग्र ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से प्रहार कर वाहन के पीछे का शीशा तोड़ दिया गया और बोनट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला और वाहन को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
काफी समझाने-बुझाने और मुआवजा व कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सड़क जाम समाप्त कराया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।
सड़क जाम के दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जबकि कई बाइक सवार वैकल्पिक मार्गों से निकलते नजर आए। इस संबंध में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि बच्ची सड़क पार कर रही थी, तभी पुलिस वाहन से टक्कर लगने के कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस वाहन पर हमले की घटना को लेकर भी जांच की बात कही गई है।
Jehanabad News: Tragic accident: Girl dies after being hit by patrolling police vehicle, angry villagers create ruckus












