जहानाबाद: शहर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में ‘कस्तूरबा दिवस’ के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रवेशोत्सव (विशेष नामांकन अभियान) भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी शामिल हुईं। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद उन्होंने कस्तूरबा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वागत गीत, लोक नृत्य और सामूहिक गीतों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास की अतिथियों ने जमकर सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए महिलाओं का सशक्त होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर दें।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बेहतर इंसान बनने की प्रक्रिया है। पढ़ाई ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने परिवार और देश को आगे बढ़ा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की उन पूर्व छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने दसवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। वहीं प्रवेशोत्सव के तहत नव नामांकित छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें और स्कूल बैग वितरित किए गए।
समारोह के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने छात्राओं को प्रकृति के प्रति जागरूक रहने और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक जयंत आचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
Jehanabad News: Kasturba Gandhi Balika Vidyalaya celebrated ‘Kasturba Day’ and Praveshotsav with great enthusiasm, students spread colors












