शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: प्रसूता की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Pregnant woman dies during treatment in Jehanabad, family alleges negligence


जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल मां सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल (Maa Super Speciality Hospital) में इलाज के दौरान एक प्रसूता महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार महिला पूरी तरह स्वस्थ थी और प्रसव के लिए इलाज कराने आई थी। बताया गया कि पहले महिला को मखदुमपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि सदर अस्पताल में भर्ती प्रक्रिया में काफी समय लग गया और बाद में अस्पताल कर्मियों द्वारा यह कहा गया कि रात में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए मरीज को पटना या गया ले जाने की सलाह दी गई।


परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के ही कुछ कर्मचारियों ने जल्द ऑपरेशन कराने की जरूरत बताते हुए निजी क्लीनिक ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि भर्ती के लगभग आधे घंटे तक महिला अपने परिजनों से बातचीत करती रही और उसका अल्ट्रासाउंड भी कराया गया था।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज से संबंधित कागजात अपने पास रख लिए और उन्हें उपलब्ध नहीं कराया। साथ ही उन्होंने कहा कि जब उन्होंने डॉक्टरों से मौत के कारण के बारे में पूछताछ की तो अस्पताल प्रशासन ने पहले ही पुलिस को सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस दो लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले गई।

Maa Super Specialiy Hospital Jehanabad
Maa Super Specialiy Hospital Jehanabad


घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। रिपोर्टर द्वारा अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल में कोई भी जिम्मेदार पदाधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिससे अस्पताल पक्ष का आधिकारिक बयान सामने नहीं आ सका है। परिजनों ने यह भी बताया कि इलाज के नाम पर उनसे करीब 20 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें 10 हजार रुपये जमा भी कराए गए थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


फिलहाल मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। सिविल सर्जन और प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है। यह घटना सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं और रेफरल व्यवस्था को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है, खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था को लेकर।

Jehanabad News: Pregnant woman dies during treatment in Jehanabad, family alleges negligence

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News