शिक्षकों ने दी सम्मानपूर्वक विदाई, कार्यशैली की हुई सराहना।
जहानाबाद प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय के प्रांगण में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) नरेंद्र कुमार के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों द्वारा एक भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिता कुमारी, घोसी की अंचलाधिकारी तथा पंचायती राज पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने विदाई संबोधन में निवर्तमान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने लगभग पाँच वर्षों तक जहानाबाद प्रखंड में बीईओ के रूप में कार्य किया। इस दौरान वे लगातार विद्यालयों का निरीक्षण करते रहे और शिक्षकों को समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का आईना और देश के भाग्य निर्माता होते हैं। शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए बच्चे ही आगे चलकर वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर बनकर देश की सेवा करते हैं। इसलिए सभी शिक्षकों से मेरी अपील है कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं और बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिता कुमारी ने कहा कि सरकारी सेवा में सेवानिवृत्ति एक प्रक्रिया है, लेकिन व्यक्ति कभी रिटायर नहीं होता। मनोबल और कार्य के प्रति निष्ठा जीवन भर बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र कुमार द्वारा पिछले पाँच वर्षों में प्रखंड क्षेत्र में किए गए कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। आज विदाई समारोह में शिक्षकों की भारी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि उनके कार्यों को लोग सम्मान और स्नेह के साथ याद कर रहे हैं।
घोसी की अंचलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र कुमार भले ही सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए हों, लेकिन उनकी कार्यशैली आज भी सभी सरकारी सेवकों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उन्हें उनके साथ बाणावर मेले के दौरान कार्य करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने देखा कि वे समय पर और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते थे। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से रिटायर जरूर हुए हैं, लेकिन वे हम सबके दिलों से कभी रिटायर नहीं होंगे।
वहीं शिक्षक भारत शर्मा ने कहा कि नरेंद्र कुमार ने घोसी प्रखंड में जो कार्य किए हैं, वह हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कभी भी शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया। दिन हो या रात, वे शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। वे हमेशा शिक्षकों को समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रेरित करते थे। उनकी विदाई से सभी शिक्षक भावुक हैं, हालांकि यह सरकारी सेवा की स्वाभाविक प्रक्रिया है।
समारोह के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर नरेंद्र कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस अवसर पर संजय शर्मा, राकेश कुमार, धीरेंद्र प्रसाद सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Emotional farewell ceremony organised for Block Education Officer Narendra Kumar.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












