सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: फातिमा क्लिनिक की ओर से शेखआलमचक चौक पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, करीब 200 लोगों ने उठाया लाभ।

जहानाबाद के फातिमा क्लिनिक द्वारा आज शेखआलमचक चौक पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर (FREE MEGA HEALTH CAMP) का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में ब्लड जांच सहित कई आवश्यक जांचें पूर्णतः निःशुल्क रखी गईं, साथ ही मरीजों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं।
इस शिविर में बतौर विशेषज्ञ डॉक्टर डॉ. नुसरत जबीन (MBBS, PMCH Patna, DGO – DMCH) उपस्थित रहीं। वे बिहार सरकार की अनुभवी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं और पूर्व में महावीर कैंसर संस्थान सहित पटना, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने शिविर के माध्यम से महिलाओं की निःशुल्क जांच की। डॉ. नुसरत जबीन ने बताया कि आज के समय में महिलाओं में बांझपन (इनफर्टिलिटी) एक बड़ी समस्या बनकर उभर रही है, जिसका इलाज वे सरल और कम खर्च में करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं बड़े अस्पतालों में जाने से डरती हैं, उन्हें अधिक खर्च का भय रहता है। ऐसे में यह शिविर उनके लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प है। शिविर से जुड़े मरीज यदि आगे इलाज के लिए क्लिनिक आती हैं, तो उन्हें विशेष छूट और रियायती सुविधाएं दी जाएंगी।
वहीं हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. फैज अहमद (MBBS, D.Ortho, DNB), जो वर्तमान में मेदांता अस्पताल पटना से जुड़े हैं और पूर्व में इंद्रप्रस्थ अस्पताल में सेवाएं दे चुके हैं, ने भी मरीजों की जांच की। उन्होंने बताया कि आज के समय में सड़क दुर्घटनाओं और ट्रॉमा से जुड़े मामलों में वृद्धि हो रही है, जबकि जहानाबाद में ट्रॉमा सेंटर जैसी सुविधाएं सीमित हैं। उन्होंने कहा कि फातिमा क्लिनिक में आधुनिक मशीनों की सहायता से कम बजट में बेहतर इलाज और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है।
डॉ. फैज अहमद ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य बुजुर्गों, महिलाओं और ऐसे लोगों तक पहुंचना है, जो अस्पताल जाने से हिचकते हैं। शिविर में पंजीकृत मरीजों को भविष्य में भी क्लिनिक पर इलाज कराने पर विशेष छूट दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में जहानाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
स्थानीय समाजसेवी मोहम्मद नसीम जैदी ने बताया कि मोहल्ले में इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही लोगों को जागरूक किया गया, जिसके बाद करीब 200 से अधिक लोग शिविर से जुड़े और निःशुल्क जांच व दवा का लाभ उठाया। उन्होंने डॉक्टरों की टीम को अनुभवी बताते हुए कहा कि यह जहानाबाद के लिए सौभाग्य की बात है कि इतने अनुभवी डॉक्टर यहां आकर सेवा दे रहे हैं।

Jehanabad News: Fatima Clinic organised a free mega health camp at Sheikh Alamchak Chowk, around 200 people benefited from it.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News