सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: केक नहीं, गौ सेवा से मनाया जन्मदिन: नव वर्ष पर गौशाला पहुंचे मिंटू कुमार

जहानाबाद नव वर्ष को आमतौर पर लोग मिठाइयां बांटकर, एक-दूसरे को गले लगाकर, उपहार देकर या परिवार के साथ पिकनिक व घूमने-फिरने निकलकर मनाते हैं, लेकिन जहानाबाद के गोलक्षनी स्थित गौशाला में नव वर्ष का उत्सव एक अलग और प्रेरणादायी रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जहानाबाद के चर्चित व्यवसायी एवं गौसेवा से जुड़े मिंटू कुमार, जिनका आज जन्मदिन भी था, अपने पूरे परिवार के साथ गौशाला पहुंचे। नव वर्ष और जन्मदिन के मौके पर उन्होंने गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरे हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उन्होंने अपनी पत्नी, बच्चों और परिवारजनों के साथ मिलकर गौ माता की सेवा की तथा गुड़, चना और चोकर खिलाकर गौ माता को प्रसन्न किया।
मिंटू कुमार ने बताया कि वे नियमित रूप से गौशाला के लिए सेवा कार्य करते रहते हैं। उन्होंने कहा, “आज नव वर्ष के साथ मेरा जन्मदिन भी है। हमने यह निर्णय लिया है कि हमारे परिवार के किसी भी सदस्य का जन्मदिन हो, सबसे पहले सुबह गौशाला पहुंचकर गौ माता की सेवा करेंगे। इसके बाद ही घर पर अपनी इच्छा अनुसार कार्यक्रम आयोजित करेंगे।” इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौसेवक एवं समाजसेवी भी शामिल हुए। सभी ने गौशाला में मौजूद गौ माता को गुड़, चना और चोकर खिलाकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
वहीं गौसेवक चंदन कुमार ने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि उनके परिवार में कोई भी शुभ अवसर—चाहे जन्मदिन हो, शादी-ब्याह हो या कोई अन्य खुशी का पल—उस अवसर पर वे सबसे पहले गौशाला जाकर गौ माता की सेवा करेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
गौशाला के अध्यक्ष प्रकाश कुमार एवं अन्य सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग इस तरह गौशाला से जुड़ेंगे, तो गौ माता की सेवा और भी बेहतर ढंग से हो सकेगी। इससे गौशाला पर पड़ने वाला दायित्व कम होगा और गौ माता के लिए आहार की उपलब्धता भी सहज हो पाएगी। जहानाबाद स्थित गौशाला में नव वर्ष और जन्मदिन को गौ सेवा के साथ मनाकर लोगों ने समाज को यह संदेश दिया कि सच्ची खुशी सेवा, श्रद्धा और संस्कारों से जुड़कर ही प्राप्त होती है।

Jehanabad News: Celebrated birthday with cow service, not cake: Mintu Kumar visited cow shelter on New Year’s Day

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News