सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: शराबबंदी की खुली पोल, नाली सफाई के दौरान सैकड़ों शराब की बोतलें बरामद


जहानाबाद बिहार सरकार द्वारा राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ताजा मामला जहानाबाद जिले के राजा बाजार इलाके से सामने आया है, जहां नाली की सफाई के दौरान सैकड़ों शराब की खाली बोतलें बरामद होने से शराबबंदी की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर परिषद की ओर से कराई जा रही नाली सफाई के दौरान सफाईकर्मियों को महज 10 मिनट के भीतर 100 से अधिक शराब की खाली बोतलें नाली से मिलीं। सफाईकर्मियों के अनुसार नाली की सफाई अभी काफी दूर तक होनी बाकी है और आगे और भी बड़ी संख्या में बोतलें निकलने की आशंका है। नाम न छापने की शर्त पर सफाईकर्मियों ने कहा कि “बिहार में शराबबंदी सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आती है, जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।” इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और मद्य निषेध विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है। सवाल यह उठता है कि जब बिहार की सीमाओं पर सख्त चेकिंग, हर जिले में मद्य निषेध थाना और जगह-जगह पुलिस जांच की व्यवस्था मौजूद है, तो इतनी बड़ी मात्रा में शराब आखिर आ कहां से रही है?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चेकिंग के नाम पर अक्सर छोटे वाहनों को ही रोका जाता है, जबकि बड़े वाहनों की जांच केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है। इसी का फायदा उठाकर शराब तस्कर भारी मात्रा में शराब बिहार में खपा रहे हैं। गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अंबेडकर चौक स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास नाली सफाई के दौरान बड़ी संख्या में शराब की बोतलें बरामद हो चुकी हैं। बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि जहानाबाद में शराब की उपलब्धता अब कोई छिपी हुई बात नहीं रह गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह लागू है, तो नालियों से इस तरह शराब की बोतलों का मिलना किस ओर इशारा करता है? क्या शराब तस्करी किसी की मिलीभगत से चल रही है? और यदि सब कुछ नियंत्रण में है, तो मद्य निषेध थाना और सख्त चेकिंग व्यवस्था का औचित्य क्या रह जाता है? फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासन या मद्य निषेध विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि इस खुलासे के बाद प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करता है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में ही दबकर रह जाता है।

Jehanabad News: Liquor ban exposed, hundreds of liquor bottles recovered during drain cleaning

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News