जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड स्थित 10 +2 उच्च विद्यालय के खेल मैदान में एक भव्य रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, टीम लीड टेक्निकल सपोर्ट एजेंसी (डीडीयू-जीकेवाई) साकेश कुमार, पीएम एमएनई टीएसए गौरव कुमार, जीविका जिला परियोजना प्रबंधक विनय कुमार एवं जीविका प्रखंड परियोजना प्रबंधक सीमा कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक विनय कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बैठे बेरोजगार युवक-युवतियों को उनकी रुचि एवं योग्यता के आधार पर पंजीकरण कर प्रशिक्षण दिलाते हुए रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिल चुका है।
टीम लीड साकेश कुमार ने कहा कि डीडीयू-जीकेवाई योजना के तहत गांव-गांव में जाकर बेरोजगार युवाओं का चयन उनके हुनर, रुचि और योग्यता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित किया जा सके। इस रोजगार मेले का उद्देश्य बेरोजगारी को कम करना और युवाओं को सही मार्गदर्शन देना है।
मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति ने अपने संबोधन में कहा कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। ऐसे आयोजन न केवल युवाओं को रोजगार से जोड़ते हैं, बल्कि उनके करियर निर्माण में भी सहायता करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने कौशल को पहचानें और उसके अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार की दिशा में आगे बढ़ें।
रोजगार मेले में कुल 13 नियोजकों एवं प्रशिक्षण संस्थानों ने भाग लिया, जहां सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, मशीन ऑपरेटर, रिटेल स्टाफ, लॉजिस्टिक स्टाफ, डेटा ऑपरेटर, फार्मा सहित कई पदों के लिए निबंधन एवं प्रारंभिक चयन किया गया।
इस रोजगार सह मार्गदर्शन मेले में 8वीं पास से लेकर बी.ए. तक की योग्यता रखने वाले बेरोजगार युवक-युवतियां शामिल हुए। विभिन्न नियोजकों द्वारा कुल 246 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं अंतिम चयन हेतु पंजीकरण किया गया, जबकि 160 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में स्वरोजगार के लिए पंजीकरण किया गया। इस प्रकार कुल 1569 अभ्यर्थियों का पंजीकरण सम्पन्न हुआ।
यह रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने एवं उनकी प्रतिभा को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है, जिससे क्षेत्र के अनेक युवाओं को रोजगार और कौशल विकास का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
Jehanabad News: Employment fair organized in the playground of 10+2 High School Hulasganj, selection and registration of large number of youth
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












