जहानाबाद जिले में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा घटना रतनी ब्लॉक के पास की है, जहां मोटरसाइकिल से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतका की पहचान निभा कुमारी, पति सुजीत कुमार के रूप में हुई है। उनका ससुराल धनरुआ थाना क्षेत्र के महादेव बिगहा गांव में था। जानकारी के अनुसार वह अपने मायके सातनपुर (काको थाना क्षेत्र) से अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से कुर्था में आयोजित सत्संग में शामिल होने जा रही थीं।
बताया जाता है कि रतनी ब्लॉक के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में निभा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के दौरान साथ में मौजूद नवजात बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है, जिसे देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
Jehanabad News: Road accident—woman dead, newborn girl safe
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












