मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News: हुलासगंज के मुरगांव एपीएचसी में मनाया गया राष्ट्रीय नवजात सप्ताह

नवजात स्वास्थ्य देखभाल पर गर्भवती व धात्री महिलाओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

जहानाबाद, 21 नवंबर: हुलासगंज प्रखंड के मुरगांव अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग और पीरामल फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती व धात्री महिलाओं को नवजात शिशु की देखभाल, पोषण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि नवजात शिशु के जन्म के पहले 28 दिन अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में विशेष देखभाल और नियमित निगरानी बेहद आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को जन्म के पहले घंटे में स्तनपान कराने, शिशु का सभी टीकाकरण सुनिश्चित करने और छह माह तक केवल स्तनपान कराए जाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय से पूर्व जन्मे बच्चों में संक्रमण का खतरा अधिक होता है, इसलिए ऐसे शिशुओं की अतिरिक्त देखभाल जरूरी है।

पीरामल फाउंडेशन की प्रोग्राम मैनेजर नंदिनी ने बताया कि हर वर्ष 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नवजात शिशुओं की देखभाल के महत्व को बढ़ावा देना और समुदाय को जागरूक करना है। इस वर्ष का थीम “Every Touch, Every Time, Every Baby” है।

कार्यक्रम में महिलाओं को नवजात की स्वच्छता, समय पर स्तनपान, टीकाकरण, पोषण और खतरे के संकेतों की पहचान जैसे विषयों पर सरल भाषा में उपयोगी जानकारी दी गई। स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शंकाओं को विशेषज्ञों के सामने रखा।

इस अवसर पर पीरामल फाउंडेशन के जीतेंद्र कुमार, हर्ष कुमार, हुलासगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बीसीएम शमीमा कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
फाउंडेशन की यह पहल समुदाय में सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Jehanabad News: National Newborn Week celebrated at Murgaon APHC in Hulasganj

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News