रवि, अप्रैल 12, 2026

Jehanabad News: जहानाबाद की बेटी को राष्ट्रपति गाइड अवार्ड – पूरे बिहार का मान बढ़ाया


जहानाबाद की गायत्री कुमारी, पिता श्री सुरेश प्रसाद, निवासी महिला थाना रोड, जहानाबाद ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर देश के सर्वोच्च स्काउट्स एंड गाइड्स सम्मान “राष्ट्रपति गाइड अवार्ड (President Guide Certificate)” को हासिल कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि न केवल जहानाबाद बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है।

गायत्री वर्तमान में बी.टेक 4th सेमेस्टर की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने स्काउट्स एंड गाइड्स गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवार्ड को प्राप्त करने के लिए उन्हें कई चरणों में कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ा, जिनमें शारीरिक क्षमता, अनुशासन, नेतृत्व कौशल, सामुदायिक सेवा और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कठोर प्रशिक्षण शिविर शामिल थे।
यह उपलब्धि और भी उल्लेखनीय इसलिए है क्योंकि इस वर्ष पूरे बिहार से केवल दो बेटियों को यह सम्मान प्राप्त हुआ है — एक छपरा से और दूसरी जहानाबाद से। जहानाबाद की बेटी गायत्री ने यह उपलब्धि अर्जित कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
इस सफलता के पीछे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, जहानाबाद के DOC श्री हरि शंकर कुमार का भी विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा। उन्होंने न केवल गायत्री को प्रोत्साहित किया बल्कि प्रशिक्षण और आवश्यक तैयारी में हर संभव सहयोग प्रदान किया। उनके सहयोग ने गायत्री के आत्मविश्वास को और मजबूत किया और उन्हें इस मुकाम तक पहुँचने में मदद की।


राष्ट्रपति गाइड अवार्ड युवाओं को समाज सेवा, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। इस अवार्ड को हासिल करने के लिए उम्मीदवारों को कई वर्षों तक निरंतर सेवा और गतिविधियों में सक्रिय रहना पड़ता है।

गायत्री कुमारी ने यह सम्मान अपने माता-पिता, शिक्षकों, DOC हरि शंकर कुमार और पूरे स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन को समर्पित करते हुए कहा कि –”यह पुरस्कार मेरे लिए सिर्फ एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। मैं आगे भी समाज और राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देती रहूँगी और कोशिश करूँगी कि मेरे कदमों से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिले।”
उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रतीक है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। गायत्री न केवल जहानाबाद की युवतियों के लिए, बल्कि पूरे बिहार के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं।
यह सफलता इस बात का भी प्रमाण है कि बिहार की बेटियाँ शिक्षा और सामाजिक योगदान के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।

Jehanabad News: President’s Guide Award to daughter of Jehanabad – brought pride to entire Bihar

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News