जहानाबाद/पटना/खगड़िया, बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने जहानाबाद जिले में पदस्थापित पुलिस उपाधीक्षक (DSP) संजीव कुमार के तीन जिलों—पटना, खगड़िया और जहानाबाद—स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
क्या है पूरा मामला?
SVU ने इस मामले में कांड संख्या 16/2025 दर्ज किया है। DSP संजीव कुमार पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 469 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है, जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2)(ए) के तहत की गई है।
तीन जिलों में एक साथ छापेमारी
SVU की टीम ने शुक्रवार सुबह एक साथ पटना, खगड़िया और जहानाबाद में DSP के आवास और अन्य ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान टीम ने कई अहम दस्तावेज, संपत्ति की रजिस्ट्री, बैंक खातों की जानकारी, संदिग्ध निवेश से संबंधित कागजात और कीमती सामान बरामद किए हैं।
जब्त किए गए दस्तावेजों की हो रही जांच
सूत्रों के अनुसार, SVU की टीम अभी नकदी, जेवरात और अन्य अघोषित संपत्तियों का मूल्यांकन कर रही है। टीम द्वारा बरामद सामग्रियों की कानूनी जांच जारी है, जिसके बाद अवैध संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
SVU ने खुद दर्ज किया केस
इस पूरे मामले की विशेष बात यह है कि SVU ने खुद अपने थाने में केस दर्ज कर कार्रवाई की है। यह इस बात का संकेत है कि जांच एजेंसी के पास DSP संजीव कुमार के खिलाफ पहले से पुख्ता सबूत मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है।
महकमे में हड़कंप
DSP पर हुई इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि, SVU के अधिकारियों की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
Jehanabad News: SVU takes major action on DSP Sanjeev Kumar’s hideouts in disproportionate assets case, raids in three districts
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












