जहानाबाद (बिहार)। जिले के पटना-गया रेलखंड पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। गौतम बुद्ध इंटर विद्यालय के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक रांची हटिया सुपर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। युवक ने हेडफोन लगा रखा था, जिस कारण वह ट्रेन के हॉर्न की आवाज नहीं सुन सका और हादसे का शिकार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और नगर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर उसकी शिनाख्त में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रांची हटिया सुपर एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान यह हादसा हुआ। ट्रेन के चपेट में आने के बाद करीब 10 मिनट तक रेल सेवा प्रभावित रही, जिससे यात्रियों में भय और चिंता का माहौल बन गया। बाद में ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।
मौके पर पहुंचे आरपीएफ के एएसआई शिव शंकर कुमार ने बताया कि युवक ने हेडफोन पहन रखा था, जिस कारण वह आने वाली ट्रेन का हॉर्न नहीं सुन पाया और उसकी जान चली गई। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय अत्यधिक सतर्कता बरतें और हेडफोन का इस्तेमाल न करें ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
Jehanabad News: Crossing the track with headphones turned costly, a young man died a painful death after being hit by a train
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












