DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: भीषण आग से कोकरसा बधार बना अग्निकुंड, लाखों का गेहूं जलकर खाक

जहानाबाद जिला अंतर्गत हुलासगंज प्रखंड के कोकरसा, बिशुनपुर और लोदीपुर गांवों के बधार इन दिनों आग की भेंट चढ़ गए हैं। लगातार दूसरे दिन गुरुवार को दोपहर में इन इलाकों के खेतों में भीषण आग लग गई, जिससे चालीस एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। आग की विकरालता इतनी थी कि खेतों में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई और हार्वेस्टिंग कर रहे मशीनों को भी वहां से हटाना पड़ा।

चारों ओर उठती लपटों और धुएं के गुबार के बीच चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र दहशत में था। किसान और ग्रामीण आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक पेड़ों की हरी डालियां लेकर खेतों में आग बुझाते नजर आए। दमकल की गाड़ियां जहानाबाद और हुलासगंज से मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक लाखों की फसल जलकर राख हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार आग का कारण लोदीपुर गांव के एक किसान द्वारा मूंग की बुवाई के लिए पराली जलाना बताया जा रहा है। हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से तीन गांवों के बधारों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे पहले बुधवार को भी इन्हीं गांवों में 20 से 25 बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी।

इस हादसे में कोकरसा गांव के उपेंद्र शर्मा, रविंद्र शर्मा, पैक्स अध्यक्ष बमेश्वर सिंह, नागेंद्र शर्मा, राजीव कुमार और बिशनपुर के जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार व बचन सिंह जैसे कई किसानों की पूरी फसल बर्बाद हो गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी सदाब आलम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों को आपदा राहत के अंतर्गत मुआवजा दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कृषि प्रधान इस क्षेत्र के लिए यह आगजनी की घटना एक बड़ा आर्थिक संकट लेकर आई है। किसानों ने प्रशासन से त्वरित सहायता की मांग की है।

Jehanabad News: Kokarsa wasteland turned into a fire pit due to a fierce fire, wheat worth lakhs burnt to ashes

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News