
Congress Reshuffles Leadership: Senior Leaders Sidelined, Two New General Secretaries and Nine State In-Charges Appointed
(संगठन में फेरबदल)
कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र और दिल्ली में मिली हार के बाद संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। वहीं कर्नाटक से राज्यसभा सांसद सैयद नासिर हुसैन को भी पहली बार महासचिव बनाते हुए जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख का प्रभार सौंपा गया है। इन दो नए महासचिवों के साथ-साथ बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा और तेलंगाना के पार्टी प्रभारियों को बदलते हुए नौ नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही राजीव शुक्ला, मोहन प्रकाश, देवेंद्र यादव, अजय कुमार, दीपक बाबरिया और भारत सिंह सोलंकी को प्रदेश प्रभारी के दायित्व से मुक्त किया। शुक्ला हिमाचल प्रदेश, मोहन प्रकाश बिहार, देवेंद्र यादव पंजाब, अजय कुमार ओडिशा, बाबरिया हरियाणा, सोलंकी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी का उत्तरदायित निभा रहे थे।
नवनियुक्त महासचिव बघेल को पंजाब और हुसैन को जम्मू कश्मीर का प्रभार सौंपा गया है। इस बदलाव के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों की कुल संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है। पार्टी ने रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़, हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्यप्रदेश, गिरीश चोडानकर को तमिलनाडु एवं पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, लोकसभा सदस्य सप्तगिरि उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड तथा कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बनाया गया है।
यह भी पढ़े: TRAI ने जारी किए नए सिम कार्ड Rule, अब नहीं करवाना पड़ेगा महंगा रिचार्ज, यहां देखें पूरी डिटेल्स
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

















