
जहानाबाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा के तहत शुक्रवार को जहानाबाद आगमन से जिले में विकास की नई किरण जगी है। जदयू जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा और पूर्व प्रदेश सचिव निरंजन केशव प्रिंस ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है, जिससे क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने धरहरा ग्राम से रिमोट के माध्यम से 241.20 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 154.72 करोड़ रुपये की लागत से 55 योजनाओं का उद्घाटन और 86.48 करोड़ रुपये की लागत से 33 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना में बड़ा निवेश
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जहानाबाद में एक नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बनाने की योजना है, जिसके लिए भूमि चिन्हित करने हेतु एक टीम शीघ्र ही भेजी जाएगी। इससे जिलेवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने काको, घोषी एवं मखदुमपुर प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बराबर पर्यटन क्षेत्र का समग्र विकास, अरवल मोड़ के पास राजाबाजार आरओबी निर्माण तथा एनएच-110 से एसएस कॉलेज तक सड़क निर्माण की घोषणा की।
नई योजनाओं से बदलेगी जिले की तस्वीर
समीक्षा बैठक के दौरान जदयू जिलाध्यक्ष ने हॉस्पिटल मोड़ से अलगना तक दरधा नदी के किनारे मरीन ड्राइव और शहर के प्रत्येक चौक-चौराहे पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा, सोइया घाट को पर्यटन स्थल का दर्जा देने और उसके सौंदर्यीकरण की भी अपील की, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विकास कार्यों के लिए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
मुख्यमंत्री की इस विकास यात्रा को लेकर जिले के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, पूर्व मंत्री अभिराम शर्मा, प्रदेश महासचिव राजू सिंह, डॉ. निरंजन अंबेडकर, प्रो. सुशील कुमार सिन्हा, अभिजीत आनंद, संजय कुमार सिंह, मुरारी यादव, रणधीर पटेल, जितेंद्र दास, प्रेम कुमार पप्पू सहित सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को इस सौगात के लिए बधाई दी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












