
जहानाबाद। स्थानीय एस.एस. कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के एन.एस.एस. इकाई के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती बड़े ही उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो० (डॉ०) कृष्णानंद और अन्य शिक्षकों द्वारा स्वामी विवेकानंद के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्राचार्य ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के अनमोल संदेश युवाओं में निःस्वार्थ कर्म, आत्मविश्वास और असीम ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं की भूमिका समाज और राष्ट्र निर्माण में सर्वोपरि है। भारत जैसे युवा प्रधान देश में, युवा अपनी असीम क्षमता और नेतृत्व से असंभव को भी संभव बना सकते हैं।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करने वालों में डॉ० बाल भगवान शर्मा, डॉ० श्रीनाथ शर्मा, डॉ० अंशु कुमार मल्लिक और डॉ० कमल कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० विनोद कुमार रॉय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एन.एस.एस. के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो० प्रवीण दीपक ने दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित भाषण और चर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












