DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

जहानाबाद: राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन

Jehanabad: Youth Fortnight program organized on National Youth Day

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) एस एन सिन्हा महाविद्यालय इकाई ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक विशेष युवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जो युवाओं के प्रेरणास्त्रोत और भारत के महान विचारक माने जाते हैं। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। उद्घाटन के अवसर पर जिला प्रमुख प्रो. पंकज कुमार, डॉ. सुबोध कुमार सुमन, डॉ. शशिधर गुप्ता, विभाग संयोजक गोपाल शर्मा, और जिला सह संयोजक सुरजीत कुमार उपस्थित थे। इन सभी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की , कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता डॉ. सुबोध कुमार सुमन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विवेकानंद जी के जीवन से शिक्षा लेने पर जोर दिया और कहा कि उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे। डॉ. सुमन ने युवाओं को स्वामी जी के प्रमुख संदेश, “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए,” को आत्मसात करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि विवेकानंद जी ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई और युवाओं को आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का महत्व समझाया। कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. शशिधर गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों की महानता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विवेकानंद जी का जीवन न केवल युवाओं को प्रेरित करता है, बल्कि उनके विचार समाज को एक नई दिशा देने में सक्षम हैं। युवाओं से अपील की कि वे विवेकानंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विवेकानंद जी ने शिक्षा, सेवा और नैतिकता को प्राथमिकता दी और यही गुण एक सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News