DW Samachar – Header
BREAKING

देशभर में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, पहाड़ी राज्यों में दो दिन बर्फबारी का आसार

देश के पश्चिमी हिमालयी राज्यों में ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी ने पहाड़ों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी अब  ठिठुरन बढ़ गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। यहां तक राजस्थान और सुदूर पूर्वी राज्य झारखंड और ओडिशा में … Read more

20250105_124531
Cold Wave Grips Nation; Snowfall Predicted in Hilly States Over the Next Two Days

देश के पश्चिमी हिमालयी राज्यों में ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी ने पहाड़ों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी अब  ठिठुरन बढ़ गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। यहां तक राजस्थान और सुदूर पूर्वी राज्य झारखंड और ओडिशा में भी भीषण शीतलहर की चपेट में हैं। ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे ही बना हुआ है।


भारतीय मौसम विभाग ने 6 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर बारिश और भीषण बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद ठंड और बढ़ने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से बीते 24 घंटे के दौरान इस क्षेत्र के ज्यादातर इलाकों में भीषण ठंड महसूस की गई। यूपी के कुछ हिस्सों के साथ ही दक्षिण पंजाब और दक्षिण हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर चलने वाली स्थिति बनी हुई है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 5 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। साथ हीं, उत्तराखंड में 5 और 6 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी बना रह सकता है।

18 साल बाद जनवरी में शिमला में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा पारा

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भले ही ठंड महसूस की जा रही है। लेकिन राजधानी शिमला में 18 साल बाद जनवरी में शनिवार को रिकॉर्ड अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले, 30 जनवरी, 2006 को शिमला में सर्वाधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। शहर में शुक्रवार को जनवरी का दूसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि शिमला में सर्वकालिक उच्चतम न्यूनतम तापमान 24 जनवरी 2009 को 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोलन में रिकॉर्ड गर्माहट दर्ज की गई है। जनवरी में 18 साल बाद सोलन में पहली बार अधिकतम तापमान 29 डिग्री पहुंच गया है। इससे पहले इस माह सबसे ज्यादा पारा 2007 में 27.5 डिग्री रहा था।

हिमाचल के आठ जिलों में जारी अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के आठ जिलों में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 5 जनवरी को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा व लाहौल-स्पीति के लिए भारी बारिश-बर्फबारी व अंधड़ का यलो अलर्ट है। 6 जनवरी को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा व चंबा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद से अटल टनल व जलोड़ी दर्रा से बस सेवाएं ठप हैं। लाहौल घाटी में अभी 119 सड़कें बंद हैं।

कश्मीर में आज भारी बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने रविवार को जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए कहा है। जिला प्रशासन ने जनता की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। श्रीनगर में शुक्रवार रात का तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछली रात यहां तापमान माइनस 2.2 डिग्री था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।

राजस्थान में कड़ाके की ठंड, वनस्थली सबसे ठंडा

राजस्थान के अधिकतर इलाके भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। शनिवार को वनस्थली में सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कई क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाया रहा। पिलानी, दौसा, अलवर, चितौड़गढ़, संगारिया, नागौर और जयपुर में 10 डिग्री से कम तापमान दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई गई है।

ओडिशा-झारखंड में भी भीषण ठंड

झारखंड और ओडिशा में भीषण ठंड पड़ रही है। झारखंड के खुंटी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग ने तीन दिन बाद तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि का अनुमान जताया है। ओडिशा के कंधमाल जिले के जी उदयगिरी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.6 डिग्री दर्ज किया गया।कोरापट, झारसुगुडा, अंगुल समेत राज्य के 10 जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान व मप्र के कई जिलों में घना कोहरा
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता 100 मीटर तक रह गई। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के कुछ जिलों में रविवार को बारिश हो सकती है, लेकिन मप्र में बारिश के कोई आसार नहीं है। हालांकि, यहां 2 दिन बाद ठंड से राहत मिल सकती है।

Digital Women Trust

यह भी पढ़े: अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, शांति और लोकतंत्र के लिए मिला था नोबेल शांति पुरस्कार…

यह भी पढ़े: कल से बिहार में कई ट्रेनों का समय बदल जाएगा, देखिए कौन-कौन रेलगाड़ियों के टाइम में किया गया बदलाव

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़