लोकसभा और राज्यसभा चैनल के विलय के बाद आज संसद टीवी का शुभारंभ करेंगे पीएम मोदी

देश में आज से लोग लोकसभा और राज्यसभा चैनल की जगह अब ‘संसद टीवी’ के रूप में अब नए सरकारी चैनल देखने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इसका शुभारंभ करेंगे। इस चैनल का गठन लोकसभा व राज्यसभा टीवी के विलय के माध्यम से किया गया है।

बता दें की प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल होंगे। संसद टीवी को लोकसभा टीवी और राज्यसभा टीवी चैनलों के विलय के बाद शुरू किया जा रहा है। चैनल के सीईओ की नियुक्ति मार्च में हुई थी। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी व पूर्व कपड़ा सचिव रवि कपूर ‘संसद टीवी’ के सीईओ बनाए गए हैं, जबकि लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव मनोज अरोरा इसके ओएसडी होंगे।

पीएमओ के द्वारा जारी जानकारी में यह बताया कि संसद टीवी की प्रोग्रामिंग मुख्य रूप से चार श्रेणियों में होगी, जिसमें संसद और लोकतांत्रिक संस्थानों का कामकाज, नीतियों और योजनाओं का कार्यान्वयन, भारत का इतिहास, संस्कृति और मुद्दे, समकालीन प्रकृति के सरोकार जैसे विषय शामिल हैं।

इस चैनल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण सिंह, अर्थशास्त्री विवेक देवराय, नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत, अधिवक्ता हेमंत बत्रा सक्रिय भूमिकाओं में दिखेंगे। ये धर्म से लेकर कानून तक के विभिन्न विषयों पर अपने शो पेश करेंगे। यह भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं और संस्कृति के उच्चमूल्यों को प्रदर्शित करने वाला अपनी तरह का एक विशेष चैनल होगा। जहां पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्तापूर्ण सामग्री का प्रसारण होगा।

इसमें खासतौर पर लोकतांत्रिक मूल्यों, देश के विभिन्न संस्थानों से जुड़ी उपलब्धियों और जानकारी को रोचक ढंग से पेश किया जाएगा। संसद के सत्र के दौरान यह दो चैनल हो जाएगा। इस दौरान इसमें राज्यसभा व लोकसभा की कार्रवाई का सीधा प्रसारण किया जायेगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !











