आज पीएम मोदी वाराणसी में करेंगे काशी तमिल संगमम का शुभारंभ, तमिलनाडु और काशी के बीच अटूट रिश्तों पर आयोजित होगी प्रदर्शनी

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
वाराणसी में आज से काशी तमिल संगमम की शुरुआत हो रही है। इस कार्यक्रम के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी पहुंचने वाले हैं। काशी तमिल संगमम का शुभारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी दोपहर दो बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से बीएचयू हेलीपैड तक जाएंगे। समारोह में प्रधानमंत्री काशी से तमिलनाडु के अटूट रिश्तों पर आयोजित प्रदर्शनी व मेले का भी शुभारंभ करेंगे।
बता दें कि शिव नगरी काशी में इस दौरान प्रधानमंत्री के सामने रामेश्वरम की कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। उत्तर और दक्षिण की संस्कृति को एकाकार करने वाले काशी-तमिल संगमम का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान पर करेंगे। इस दौरान वह डेढ़ घंटे तक पंडालों का अवलोकन करेंगे और तमिलनाडु से आए अधीनम, विद्यार्थियों और कलाकाराें से भी रूबरू होंगे।
मालूम हो कि इस कार्यक्रम के लिए बनारस के बीएचयू की एंफीथिएटर मैदान पूरी तरह सेे मिनी तमिलनाडु में तब्दील हो चुकी है। यहाँ छोटे-छोटे स्टॉल भी लगाए गए हैं जिसमें दोनों प्रदेशों के प्रमुख उत्पाद और खाद्य सामग्रियों की दुकानें लगाई जाएंगी। साथ ही यहाँ उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, संगीत, साहित्य व अन्य विधाओं की भी झलक देखने को मिलेगी।
तमिलनाडु के व्यंजनों के भी लगेंगे स्टॉल
आयोजन स्थल पर तमिलनाडु के व्यंजनों के स्टॉल के साथ ही पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। साथ ही हथकरघा व हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए हैं। तमिलनाडु से आए शिल्पियों ने थीम पवेलियन में अपने उत्पाद सजाए हैं। हस्तशिल्प में प्राकृतिक फूलों का हार, केला फाइबर, कला धातु, लकड़ी के बर्तन, लेक्यूवेयर, टेराकोटा, हाथों से बने कपड़े का स्कार्फ, वुड कार्विंग व गुड़िया और खिलौना शामिल हैं। इसके अलावा तमिलनाडु के 38 जिलों के ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी भी सजाई गई है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री करेंगे पीएम मोदी की अगवानी
इस कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार की सुबह वाराणसी पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी दौरे पर उनके साथ रहेंगे। बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ मंच पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहेंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












