
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद सुप्रीमो लालू यादव की हालत बेहद नाजुक हो चुकी है। उन्हें देर रात दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। इससे पहले उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन कल बुधवार रात उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया।
दरअसल, दो दिन पहले लालू यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी के आवास पर सीढ़ियों से गिर गए थे, जिससे उनके शरीर में तीन जगह फैक्चर हुआ है। वह पहले से ही कई बीमारियों से जूझ रहे थे। ऐसे में चोट के कारण उनकी हालत और खराब हो गई।
वहीं सुप्रीमों लालू यादव के दिल्ली पहुंचने के बाद उनके बेटे तेजस्वी यादव ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, सीढ़ी से गिरने के कारण उनके शरीर में तीन जगह पर फैक्चर हुआ है, इससे उनका शरीर पूरी तरह से लॉक हो चुका है और उनके शरीर में मूवमेंट नहीं हो पा रहा है। तेजस्वी ने बताया, एम्स में उनका पूरा चेकअप किया जाएगा। इसके बाद डॉक्टरों की टीम आगे के इलाज के बारे में तय करेगी।
वहीं सूत्रों के मुताबिक, लालू यादव के फेफड़ों में पानी भर चुका है। इससे उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। और उनका क्रेटनिन भी चार से छह पहुंच गया है। उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की भी बात चल रही है। तेजस्वी यादव ने बताया, एक बार राजद प्रमुख की तबीयत ठीक हो जाए, उसके बाद उन्हें सिंगापुर ले जाने के लिए डॉक्टरों से बात की जाएगी।
राबड़ी देवी ने की भावुक अपील:
इस बीच लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने लोगों से भावुक अपील की है। उन्होंने लालू यादव के चाहने वालों से कहा कि वे लोग परेशान न हों, चिंता की कोई बात नहीं है। राजद अध्यक्ष ठीक हो रहे हैं। आप सभी उनके लिए दुआ कीजिए कि वे जल्द ही हम सभी के बीच हों।
बता दें कि कल बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू यादव से मुलाकात की थी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लालू यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !


















