जहानाबाद।सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन आठ मंजिला भवन में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। भवन निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया और जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के निवासी जगन्नाथ कुमार निर्माणाधीन भवन की बाहरी दीवार पर प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। रविवार की रात वह भवन की ऊपरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि इससे पहले 15 जून को भी इसी निर्माणाधीन भवन में कार्यरत दो मजदूर ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि मजदूरों से ऊंचाई पर बांस-बल्ले के सहारे कार्य कराया जा रहा है, जबकि पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

अधिकांश मजदूर दूसरे जिलों से आकर यहां कार्य कर रहे हैं।
घटना के बाद सोमवार को जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के अभियंता तथा श्रम विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना कार्य अवधि समाप्त होने के बाद हुई है। मजदूर भवन की ऊपरी मंजिल पर सोने गया था, जहां से गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। डीएम ने बताया कि जांच के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं भवन निर्माण विभाग के अभियंता की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को 3 जुलाई तक अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी प्रावधानों के तहत मृतक मजदूर के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
Jehanabad News: Worker dies after falling from under-construction Sadar Hospital building; DM constitutes a three-member inquiry committee.



















