गंगा की सहायक नदियों की स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु जिला गंगा समिति की पहल
जहानाबाद, जिला गंगा समिति, जहानाबाद द्वारा दरधा नदी के किनारे अवस्थित चिकित्सा संस्थानों की बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था का मूल्यांकन करने हेतु एक संयुक्त औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, अलंकृता पांडेय के निर्देशानुसार संचालित हुआ।
निरीक्षण दल का नेतृत्व असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (CMO) ने किया। दल में स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला गंगा समिति के परियोजना पदाधिकारी, नगर परिषद के नगर स्वच्छता प्रबंधक, राजस्व पदाधिकारी एवं नगर थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान दरधा नदी के तटवर्ती क्षेत्र में संचालित लगभग 12 चिकित्सा संस्थानों, निजी अस्पतालों एवं पैथोलॉजी लैब्स की गहन जांच की गई। इस दौरान यह पाया गया कि कुछ संस्थानों द्वारा बायो-मेडिकल अपशिष्ट जैसे सिरिंज, सूई, निडिल आदि का निष्पादन असंगत एवं अनियमित ढंग से नदी किनारे किया जा रहा है। यह न केवल पर्यावरणीय दृष्टिकोण से अत्यंत चिंताजनक है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा उत्पन्न कर रहा है।
निरीक्षण दल ने संबंधित संस्थानों को बायो-मेडिकल वेस्ट (मैनेजमेंट एंड हैंडलिंग) नियमावली, 2016 के तहत निर्धारित प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी गई कि नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के विरुद्ध जुर्माना, लाइसेंस रद्द करने जैसी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि हर स्वास्थ्य सेवा प्रदाता का दायित्व है कि वह अपने संस्थान में उत्पन्न बायो-मेडिकल वेस्ट का पृथक्करण, लेबलिंग, संग्रहण, परिवहन, उपचार एवं वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करे। इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है।
जिला गंगा समिति ने इस निरीक्षण अभियान को गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही सभी चिकित्सा संस्थानों से अपील की कि वे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें और पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन करें।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में नियमित अंतराल पर ऐसे निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे ताकि किसी भी स्थिति में नदियों को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।
Jehanabad News: Surprise inspection of health institutions regarding bio-medical waste management on the banks of Dardha river
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












