जहानाबाद/कोलकाता। बिहार के जहानाबाद जिले के काको स्थित कायनात फाउंडेशन एवं कायनात इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष शकील अहमद काकवी को 14 जुलाई 2026 को कोलकाता में आयोजित फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस (बैस्टिल डे) समारोह में शामिल होने के लिए फ्रांस के दूतावास और कोलकाता स्थित फ्रांस के महावाणिज्य दूतावास की ओर से विशेष आमंत्रण मिला है। इस उपलब्धि को बिहार, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। शकील अहमद काकवी ने कहा कि यह आमंत्रण केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं जन-से-जन संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और इसका लाभ ग्रामीण बिहार के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि काको में “कायनात सेंटर फॉर लर्निंग फ्रेंच लैंग्वेज एंड कल्चर” की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को फ्रेंच भाषा, फ्रांसीसी संस्कृति तथा अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और करियर के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास होगा। काकवी ने फ्रांस के दूतावास, कोलकाता स्थित फ्रांसीसी महावाणिज्य दूतावास तथा फ्रेंच भाषा सहयोग प्रभारी जूलिया मार्टिन-लेग्रॉस के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल बिहार में फ्रेंच भाषा शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, छात्र विनिमय कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक सहयोग को नई दिशा देगी।

बैस्टिल डे समारोह के बाद कायनात प्रतिनिधिमंडल एलायंस फ़्राँसेज़ दु बंगाल में अधिकारियों के साथ बैठक करेगा। इस दौरान प्रस्तावित फ्रेंच भाषा केंद्र के संचालन, बिहार में फ्रेंच भाषा केंद्रों की स्थापना और भारत-फ्रांस शैक्षिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा होगी। कोलकाता प्रवास के दौरान शकील अहमद काकवी नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूज़ियम (NCSM), बिड़ला इंडस्ट्रियल एंड टेक्नोलॉजिकल म्यूज़ियम (BITM) तथा साइंस सिटी का भी भ्रमण करेंगे। इस अध्ययन का उद्देश्य बिहार के विद्यालयों में आधुनिक विज्ञान पार्क और नवाचार आधारित विज्ञान शिक्षा की संभावनाओं का आकलन करना है। इसके अलावा आगामी यूनेस्को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस (8 सितंबर 2026) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर विभिन्न शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संस्थानों के साथ सहयोग की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कायनात फाउंडेशन का उद्देश्य बहुभाषी शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है।
Jehanabad News: Shakeel Ahmed Kakvi from Bihar receives a special invitation to France’s National Day celebrations.



















