शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: एस.एस. कॉलेज में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का भव्य शुभारंभ


जहानाबाद, स्थानीय एस.एस. कॉलेज, जहानाबाद में 19 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय बहु-विषयक अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार “सीमाओं से परे: तेजी से बदलती वैज्ञानिक दुनिया के लिए बहु-विषयक शिक्षा और अनुसंधान” का आज गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस महत्वपूर्ण अकादमिक कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. रासबिहारी प्रसाद सिंह, पूर्व कुलपति, पटना विश्वविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. डी.के. केसरी, निदेशक, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, मगध विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार ने की। कार्यक्रम का आरंभ संस्कृत की प्राध्यापिका डॉ. रचना कुमारी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ, जिसकी मधुर प्रस्तुति ने सभागार को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा से आलोकित कर दिया। इसके बाद महाविद्यालय कला मंच की छात्राओं ने मनोहारी गायन प्रस्तुत कर वातावरण को और भी सौंदर्यपूर्ण बना दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. रासबिहारी प्रसाद सिंह ने अपने विचारोत्तेजक संबोधन में कहा कि वर्तमान समय ज्ञान की पारंपरिक सीमाओं को तोड़कर अंतःविषयक चिंतन की ओर बढ़ने का है। उन्होंने कहा कि विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और मानविकी के बीच सुदृढ़ संवाद स्थापित किए बिना वैश्विक चुनौतियों का समाधान संभव नहीं है। बहु-विषयक अनुसंधान को उन्होंने नवाचार और समाजोपयोगी ज्ञान-सृजन का सशक्त माध्यम बताया तथा युवाओं से शोध में नैतिकता, रचनात्मकता और उत्कृष्टता अपनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट वक्ता प्रो. डी.के. केसरी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि बहु-विषयक, लचीली और शोधोन्मुख शिक्षा भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने इंटीग्रेटिव साइंस, उभरती प्रौद्योगिकियां, वैश्विक स्वास्थ्य और सतत विकास जैसे क्षेत्रों को समय की आवश्यकता बताया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार ने कहा कि यह सेमिनार महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिबद्धता और शोध-संकल्प का प्रतीक है, जो अकादमिक संवाद को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव प्रो. प्रवीण दीपक ने बताया कि तीन दिनों तक विभिन्न तकनीकी सत्रों, मुख्य व्याख्यानों और शोध-पत्र प्रस्तुतियों के माध्यम से विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, मानविकी और प्रौद्योगिकी के समन्वित आयामों पर व्यापक विमर्श होगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति रानी एवं डॉ. अर्चना त्रिपाठी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. स्नेहा स्वरूप ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एस.एन. सिन्हा कॉलेज, जहानाबाद के प्राचार्य डॉ. मेघन प्रसाद सहित आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. विनोद कुमार राय, डॉ. हुलैश मांझी, प्रो. श्यामाकांत शर्मा तथा महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक सदस्य उपस्थित रहे। यह सेमिनार बहु-विषयक शिक्षा और समन्वित अनुसंधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Jehanabad News: S.S. Grand inauguration of three-day international seminar at the college

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News