कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की
जहानाबाद। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (मद्यनिषेध अवर निरीक्षक भर्ती) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर शुक्रवार को ग्राम प्लेक्स भवन, जहानाबाद में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ तैनात रहकर कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। ब्रीफिंग के अंत में सभी अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और सजगता के साथ करने का आह्वान किया गया, ताकि प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके।
Jehanabad News: Preparations for the Prohibition Sub-Inspector recruitment exam are complete; DM and SP issue strict instructions to officials.


















