जहानाबाद जिले से इस समय एक हृदय विदारक वारदात सामने आई है। शकूराबाद-बभना रोड से ग्राम सिकरिया जाने वाली सड़क पर सुबह एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही परसबिगहा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान जहानाबाद शहर के सिटी नर्सिंग होम के संचालक मो. गुलफाम अंसारी (पिता — मो. अमीनुद्दीन, निवासी — गोहरा, थाना कूर्था, जिला अरवल) के रूप में की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह-सुबह लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों के पास एक युवक का खून से लथपथ शव देखा। गले पर धारदार हथियार से काटे जाने के गहरे निशान थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान करने में जुट गई। जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि मो. गुलफाम जहानाबाद में सिटी नर्सिंग होम का संचालन करते थे, जो उन्होंने अपने दो अन्य साझेदारों के साथ खोला था। वे प्रतिदिन नर्सिंग होम में ही रुकते थे। रविवार की शाम करीब सात बजे वह घर से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला। सुबह पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि उनकी मोटरसाइकिल परसबिगहा थाना क्षेत्र में बरामद हुई है और पास में ही एक शव मिला है।
पिता मो. अमीनुद्दीन ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनके बेटे की गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई है। उनकी आंखों के सामने बेटे की लाश देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने बताया कि “गुलफाम की शादी इसी महीने 29 नवंबर को तय थी, घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन अब सब कुछ उजड़ गया।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित साजिश लगती है। सवाल यह भी उठ रहा है कि हत्या के बाद शव को ग्राम सिकरिया की सुनसान सड़क के पास क्यों फेंका गया — क्या अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए ऐसा किया, या किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम है?
थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और नर्सिंग होम में कार्यरत कर्मचारियों तथा साझेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि “मामले का जल्द उद्भेदन किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस वारदात से जहानाबाद शहर से लेकर परसबिगहा इलाके तक शोक और आक्रोश का माहौल है। नर्सिंग होम के स्टाफ और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मृतक के घर में मातम पसरा है — जहां कुछ दिन पहले शादी की तैयारियों की रौनक थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और चित्कार है।
Jehanabad News: Nursing home operator brutally murdered by slitting his throat – home destroyed before wedding, sensation in the area
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















