कहीं कक्षाओं व शिक्षकों की कमी तो कहीं शौचालय, पेयजल और डिजिटल सुविधाओं का अभाव; सामाजिक अंकेक्षण में सामने आई समस्याएं
जहानाबाद। मोदनगंज प्रखंड संसाधन केंद्र के सभागार में सोमवार को सामाजिक अंकेक्षण के बाद प्रखंड स्तरीय ग्राम सभा सह-जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रखंड की तीन ग्राम पंचायतों के 37 विद्यालयों और एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय (केजीबीवी) में सामाजिक अंकेक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं और कमियों को जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा गया।
जनसुनवाई में विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। कई स्कूलों में कक्षाओं की कमी, शिक्षकों की कमी, शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने, जर्जर भवन और खेल मैदान के अभाव का मामला उठाया गया। वहीं, कुछ विद्यालयों के पुस्तकालयों में पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने तथा डिजिटल सुविधाओं की कमी की जानकारी भी दी गई।
पेयजल की जांच से लेकर छात्राओं की सुविधाओं तक सवाल
सामाजिक अंकेक्षण के दौरान विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था की नियमित जांच नहीं होने की बात भी सामने आई। इसके अलावा छात्राओं के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन और इंसीनरेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता और आवश्यक उपकरण नहीं मिलने की समस्या भी जनसुनवाई में रखी गई। जनसुनवाई के दौरान विद्यालयों में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों और शैक्षणिक वातावरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। सामाजिक अंकेक्षण में सामने आई कमियों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के समक्ष रखा गया, ताकि आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में वीएसएस से नामित सदस्य स्वी देवी, सीएसओ से नामित सदस्य राजीव रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय कुमार, जिला से नामित पदाधिकारी, सीएलएफ से नामित सदस्य कुमारी नीलम, एपीओ सह मीडिया प्रभारी नैशनिका तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा जिला संसाधन सेवी (पीआरपी) सोनी कुमारी और प्रखंड संसाधन सेवी मुकेश कुमार, अरुणोदय कुमार एवं संध्याहोद भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने सामाजिक अंकेक्षण में सामने आई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।
Jehanabad News: Multiple shortcomings found in 37 schools; issue of the education system raised during the Gram Sabha-cum-public hearing.

















