जहानाबाद राजा बाजार स्थित मुरलीधर उच्च विद्यालय के सामने अवस्थित डाउनटाउन क्लीनिक अस्पताल में रविवार को आयोजित फ्री मेडिकल हेल्थ कैंप में सुबह से ही महिला एवं पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में देश के सुप्रसिद्ध चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों मरीजों की जांच की और उन्हें मुफ्त परामर्श एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
कैंप में देश के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बी.बी. भारती (गोल्ड मेडलिस्ट, डीएम कार्डियोलॉजी), जानी-मानी स्त्री रोग एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. अभिलाषा कुमारी (एमबीबीएस, डीजीओ), अनुभवी चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार सिंह (एमबीबीएस, एमडी) और डॉ. पप्पू कुमार (एमबीबीएस) की देखरेख में मरीजों की जांच की गई।
इस दौरान हृदय रोग, बांझपन, रक्तचाप, मधुमेह और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने जांच कराई।
डाउनटाउन क्लीनिक के डायरेक्टर डॉ. विनोद कुमार सिन्हा ने बताया कि जहानाबाद में हृदय रोग विशेषज्ञों की कमी के कारण लोगों को पटना या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन आर्थिक स्थिति के चलते कई मरीज उपचार से वंचित रह जाते हैं। इसी वजह से खासकर हृदय रोगियों और बांझपन की समस्या झेल रही महिलाओं के लिए यह निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ जुटी, परंतु सभी मरीजों को सुव्यवस्थित तरीके से देखा गया और उन्हें जरूरी चिकित्सीय सलाह दी गई।
इस अवसर पर डॉ. बी.बी. भारती ने कहा कि लोगों में बढ़ती हृदय संबंधी बीमारियों का मुख्य कारण अनियमित दिनचर्या, तनाव और असंतुलित खानपान है। वहीं, डॉ. अभिलाषा कुमारी ने महिलाओं में बांझपन के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए इसके आधुनिक इलाज की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान जहानाबाद एवं आसपास के इलाकों से आए सैकड़ों लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया। मौके पर उपस्थित कई समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य व्यक्तियों को बूके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
Jehanabad News: Crowds gathered at the free medical camp held at the Downtown Clinic. Hundreds of people were examined under the supervision of renowned cardiologists and gynecologists.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !


















