समाहरणालय परिसर स्थित सभा कक्ष में आज जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के नागरिकों द्वारा विभिन्न प्रकार की समस्याओं और शिकायतों को प्रस्तुत किया गया। कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, व्यावसायिक ऋण, अनुदान राशि, भू-अर्जन, विद्युत आपूर्ति, वृद्धावस्था पेंशन, पारिवारिक विवाद, शौचालय निर्माण, राशन कार्ड सहित कई कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामले शामिल थे।
जिला पदाधिकारी ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के आधार पर त्वरित व संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध राहत मिल सके।
कुछ मामलों में तत्काल समाधान के लिए डीएम ने दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत आने वाले मामलों को विधिवत पंजीकृत किया गया, वहीं अन्य मामलों को शीघ्र निष्पादन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है।
जनता दरबार में उप विकास आयुक्त धनंजय कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी वंदना कुमारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता चांदनी कुमारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिता सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, कंचन कुमारी झा एवं डीआरडीए निदेशक रोहित कुमार मिश्रा सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












