
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
हिमाचल प्रदेश में 2 दिन चले सियासी घमासान के बाद आखिरकार कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगा दी है। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही प्रतिभा सिंह के समर्थक विधायक मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस संबंध में मुहर लगा दी गई है। रविवार को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और मंडी से कांग्रेस के सांसद प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे थीं। लेकिन बाद में सुखविंदर सिंह का पलड़ा भारी पड़ गया। विधायकों से रायशुमारी के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दौड़ में आगे निकल गए । गुरुवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम आए। 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल में कांग्रेस के 40 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, जबकि भाजपा 25 पर सिमट गई।
कांग्रेस की जीत के साथ ही पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद शुरू हो गया। शुक्रवार को दिनभर शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में हंगामा होता रहा। बड़ी संख्या में प्रतिभा सिंह के समर्थक नारेबाजी करते रहे। वहीं, प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थक भी उनके पक्ष में नारेबाजी करते रहे। हालांकि, सुक्खू खुद को मुख्यमंत्री की दौड़ से बाहर बताते रहे। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और सीएम पद की रेस में शामिल रहीं प्रतिभा सिंह के समर्थक सड़कों पर उतर आए। उन्होंने विधायक दल की बैठक के बीच विधानसभा के बाहर नारेबाजी की। विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, विक्रमादित्य सिंह, पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी विधानसभा पहुंचे थे। आखिरकार शनिवार शाम हाईकमान की मीटिंग के बाद कांग्रेस ने सुखविंदर सिंह के नाम पर मुहर लगा दी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












