
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद उठ रहे कांग्रेस के भविष्य और उसके अगले अध्यक्ष के सवालों के बीच आज कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक होने वाली है। इस बैठक में कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष और पार्टी के अगले अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों पर मंथन होगा। वहीं सूत्रों के अनुसार बैठक के बाद अध्यक्ष बनने के तिथियों की घोषणा की भी संभावना है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी वर्चुअली रूप से शामिल होकर इस बैठक की अध्यक्षता करेंगी। गौरतलब है कि सोनिया गांधी इस समय मेडिकल चेकअप के लिए विदेश दौरे पर हैं और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं।
बता दें कि कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके इस मीटिंग के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की तारीख के सटीक शेड्यूल को मंजूरी देने के लिए सीडब्ल्यूसी की एक वर्चुअल बैठक 28 अगस्त 2022 को दोपहर 3:30 बजे आयोजित की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सीडब्ल्यूसी की बैठक की अध्यक्षता करेंगी।’
गौरतलब है कि कांग्रेस ने कुछ ही दिन पहले नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को टाल दिया था। कांग्रेस ने पिछले साल अक्टूबर में घोषणा की थी कि पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव इस साल 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा। सीडब्ल्यूसी ने फैसला किया था कि 16 अप्रैल से 31 मई तक ब्लॉक समितियों और राज्य कांग्रेस इकाइयों के एक सदस्य के लिए चुनाव होंगे। इसके बाद जिला समिति के प्रमुखों का चुनाव एक जून से 20 जुलाई के बीच और राज्य प्रमुखों और एआईसीसी सदस्यों का चुनाव 21 जुलाई से 20 अगस्त के बीच होगा। वहीं, एआईसीसी अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा।
वहीं आज की इस सीडब्ल्यूसी के बैठक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी से दोबारा कांग्रेस के अध्यक्ष बनने का आग्रह करने वाले हैं। और यह इससे पहले भी आग्रह कर चुके हैं। हालांकि इस मुद्दे पर अनिश्चितता और सस्पेंस बरकरार है। वहीं, पार्टी के कई अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अपने रुख पर कायम हैं कि वह एआईसीसी अध्यक्ष नहीं होंगे। 2019 में संसदीय चुनावों में पार्टी को लगातार दूसरी हार का सामना करने के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में इस्तीफा दे दिया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












