मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी गई जानकारी, संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
जहानाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शहर के उत्तरी गांधी मैदान स्थित महर्षि विद्या पीठ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान के प्रति आस्था, निष्ठा और सम्मान बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, उसके मूल उद्देश्यों तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की भी जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक साकेत रौशन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं जीवन में उतारना जरूरी है। एक अच्छे नागरिक की पहचान केवल उसके अधिकारों से नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों से भी होती है। उन्होंने बच्चों से संविधान का सम्मान करने और उसके आदर्शों पर चलने की अपील की।
वहीं, विद्यालय की प्राचार्या सोनाली शर्मा ने कहा कि आज के बच्चे ही आने वाले समय में देश की बागडोर संभालेंगे। इसलिए उनमें बचपन से ही लोकतांत्रिक सोच, अनुशासन, समानता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और अपने कर्तव्यों की समझ ही एक बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण का आधार है।कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने, संविधान के आदर्शों का सम्मान करने तथा अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया। इस मौके पर विद्यालय निदेशक साकेत रौशन, प्राचार्या सोनाली शर्मा, शिक्षिका श्रुति केशरी, प्रिया कुमारी, ब्यूटी कुमारी, काजल कुमारी, पूजा कुमारी, सिमरन कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Jehanabad News: On Constitution Day, students of Maharishi Vidya Peeth took an oath of allegiance to the Constitution.



















