भूमि विवाद, मुआवजा भुगतान, नियुक्ति और जन वितरण प्रणाली से जुड़े मामले पहुंचे; शिकायतों के निष्पादन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जहानाबाद। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। जनता दरबार में अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 58 आवेदन एवं परिवाद प्राप्त हुए। डीएम ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि एवं राजस्व से संबंधित रहे। इनमें भूमि का स्वामित्व आवेदक के नाम दर्ज कराने, गलत दस्तावेजों के आधार पर भूमि हस्तांतरण, आम गैरमजरुआ जमीन और सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने तथा मकान निर्माण एवं ढलाई कार्य में आ रही बाधाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। इसके अलावा सड़क निर्माण कार्य स्थगित किए जाने और राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे का भुगतान नहीं होने का मामला भी उठाया गया।
वहीं, जन वितरण प्रणाली की अनुज्ञप्ति के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सार्वजनिक करने, प्राथमिक विद्यालय चुनुकपुर, बंधुगंज, मोदनगंज में रसोइया चयन एवं उससे संबंधित कार्रवाई, अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति और वर्ष 2020 में बूथ पेंटिंग कार्य के लंबित विपत्र का भुगतान कराने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। विश्व दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने से जुड़ा मामला भी जनता दरबार में रखा गया।
डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्षता से जांच की जाए और आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक देरी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को केवल आवेदन अग्रसारित करने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि मामलों के निष्पादन की प्रभावी निगरानी भी करनी है।
डीएम ने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ की भावना के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक सुलभ मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवाद पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। जनता की शिकायतों का उचित समाधान प्रशासनिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत करता है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, डीआरडीए निदेशक रोहित कुमार मिश्रा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी चन्द्र किशोर सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राज कुमार सिन्हा, भूमि सुधार उप समाहर्ता आमु अमला, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, उत्पाद अधीक्षक दिलीप कुमार पाठक, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आकांक्षा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Jehanabad News: 58 cases heard at ‘Janata Darbar’ (public grievance hearing); DM directs officials to ensure time-bound resolution.



















