अंडर-17 बालिका टीम ने जीता रजत पदक, जहानाबाद के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान
जहानाबाद। दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स रग्बी प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में बिहार की टीम चैंपियन बनी, जबकि अंडर-17 बालिका वर्ग में टीम ने रजत पदक हासिल कर उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जहानाबाद के चार खिलाड़ियों ने बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। अंडर-14 बालिका वर्ग में जहानाबाद के पंडुई गांव की मेंदी कुमारी और अंजना कुमारी ने बिहार टीम का हिस्सा बनकर स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग में शकूराबाद निवासी प्रकाश कुमार ने अपने शानदार खेल की बदौलत टीम को चैंपियन बनाने में योगदान दिया। इसके अलावा अंडर-17 बालिका वर्ग में पंडुई की तमन्ना कुमारी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बिहार टीम को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता से लौटने पर जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। परिजनों, ग्रामीणों और खेल प्रशिक्षकों ने फूल-माला पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा। इस मौके पर कोच ने कहा कि जहानाबाद के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। खास बात यह है कि जिले की बेटियां खेल के मैदान में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की। खिलाड़ियों की इस सफलता से अन्य बच्चों को भी खेल के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जहानाबाद के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।
Jehanabad News: Bihar dominates at National School Games; boys’ and girls’ teams emerge as champions in the Under-14 category.



















