मखदुमपुर से 5 और काको-मोदनगंज से 9 बाल वैज्ञानिक जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण के लिए चयनित.
जहानाबाद। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026-27 के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय परियोजना प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान एवं नवाचार पर आधारित अपनी परियोजनाओं को निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। परियोजनाओं का मूल्यांकन वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या की पहचान, सर्वेक्षण एवं अध्ययन, कार्यविधि, नवाचार, उपयोगिता और समस्या के समाधान की क्षमता सहित निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। मखदुमपुर प्रखंड में आयोजित परियोजना प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 5 बाल वैज्ञानिकों का चयन जिला स्तर के लिए किया गया। वहीं काको एवं मोदनगंज प्रखंड के संयुक्त आयोजन में 9 बाल वैज्ञानिकों ने जिला स्तर के लिए स्थान बनाया। इस तरह बुधवार को आयोजित दोनों कार्यक्रमों में कुल 14 बाल वैज्ञानिक जिला स्तरीय परियोजना प्रस्तुतीकरण के लिए चयनित हुए। काको एवं मोदनगंज प्रखंड का संयुक्त कार्यक्रम मध्य विद्यालय वैना में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) रमेश कुमार पाल शामिल हुए। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों की परियोजनाओं का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार के साथ स्थानीय समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों में छोटी-छोटी समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखने और उनके समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम में उदय शंकर मिश्रा, समन्वयक, श्रीकांत शर्मा, डॉ. प्रवीण दीपक, सत्य प्रकाश, अंजनी कुमार, तेज प्रताप, रश्मि श्रीवास्तव एवं रानी कुमारी निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में मौजूद रहे। निर्णायक मंडल ने बाल वैज्ञानिकों की परियोजनाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। बच्चों ने अपनी परियोजनाओं की वैज्ञानिक अवधारणा, समस्या की पहचान, सर्वेक्षण एवं प्रयोग, परिणाम और संभावित समाधान के बारे में निर्णायकों के समक्ष जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बाल वैज्ञानिकों और मार्गदर्शक शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। मध्य विद्यालय वैना के प्राचार्य राकेश कुमार ने समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, बाल वैज्ञानिकों, मार्गदर्शक शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए साइंस फॉर सोसायटी, जहानाबाद की ओर से विद्यालय के प्राचार्य एवं पूरे विद्यालय परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
Jehanabad News: Child scientists shine at the block level; 14 secure a spot at the district level.



















