केएसएमसीएच की पहल, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श; जांच में मिलेगी 50 प्रतिशत तक की छूट
जहानाबाद। अब नौकरीपेशा, व्यवसायी, मजदूर और दिन में अस्पताल नहीं पहुंच पाने वाले मरीजों को इलाज के लिए अगले दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कूर्मा संस्कृति मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (केएसएमसीएच) प्रबंधन ने जिला मुख्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए अस्पताल मोड़ के समीप इवनिंग क्लिनिक की शुरुआत की है। हिंदुस्तान मेडिकल हॉल के पीछे स्थित इवनिंग क्लिनिक का शुभारंभ संस्था के चेयरमैन शंकर कुमार, एमडी ओम नारायण और डायरेक्टर राहुल कुमार समेत अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया। क्लिनिक में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक ओपीडी सेवा उपलब्ध रहेगी। खास बात यह है कि यहां मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श मिलेगा। वहीं, विभिन्न प्रकार की जांच 50 प्रतिशत तक की रियायती दरों पर कराने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
सामान्य बीमारी से लेकर जटिल रोगों तक विशेषज्ञ परामर्श
इवनिंग क्लिनिक में पेट दर्द, सांस लेने में परेशानी, टीबी, जोड़ों में दर्द, ब्लड प्रेशर, थायराइड, डायबिटीज सहित विभिन्न बीमारियों से संबंधित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर स्वास्थ्य समस्या वाले मरीजों की स्थिति का आकलन कर आगे की जांच और उपचार के लिए उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जिला मुख्यालय में शाम के समय ओपीडी की सुविधा सीमित होने के कारण कामकाजी लोगों और दिन में अस्पताल नहीं पहुंच पाने वाले मरीजों को काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए इवनिंग क्लिनिक की शुरुआत की गई है। प्रबंधन का कहना है कि इस पहल से मरीजों को उनके सुविधाजनक समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
650 बेड के अस्पताल में 250 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम
केएसएमसीएच प्रबंधन के अनुसार, कूर्मा स्थित 650 बेड का मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल जहानाबाद और आसपास के करीब 100 किलोमीटर के क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। अस्पताल में 250 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रही है। जिला मुख्यालय में इवनिंग क्लिनिक शुरू करने का उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मरीजों के और करीब पहुंचाना है।
इमरजेंसी मरीजों को भी मिल रही सुविधा
अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि केएसएमसीएच में गंभीर और इमरजेंसी मरीजों के इलाज की सुविधा चौबीसों घंटे उपलब्ध है। दुर्घटना, अचानक तबीयत बिगड़ने या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की स्थिति में मरीजों को बड़े शहरों की ओर रेफर किए जाने की जरूरत कई मामलों में कम हुई है। प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल में हर महीने 500 से अधिक जटिल ऑपरेशन किए जा रहे हैं। अत्याधुनिक चिकित्सा संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण जहानाबाद के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर उन्नत उपचार की सुविधा मिल रही है। गौरतलब है कि वर्तमान सत्र से केएसएमसीएच को मेडिकल कॉलेज की मान्यता मिली है और नए सत्र के लिए मेडिकल विद्यार्थियों का नामांकन भी जारी है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ‘हर दिन उच्च चिकित्सा सेवा आपके द्वार’ के उद्देश्य के साथ शुरू किया गया इवनिंग क्लिनिक जिले के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Jehanabad News: Free OPD service from 4 PM to 8 PM; evening clinic launched at Hospital More.



















