जहानाबाद, 29 अगस्त 2026: महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिले के सभी सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया अभियान के तहत विद्यालयों में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान को बढ़ावा दिया गया। विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए समय देने का संकल्प दिलाया गया, ताकि उनमें स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और शारीरिक सक्रियता की आदत विकसित हो सके।
जिन विद्यालयों में खेल मैदान उपलब्ध थे, वहां फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, सीमित स्थान वाले विद्यालयों में योग, इंडोर गेम्स और फिटनेस ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी उपलब्धियों और भारतीय खेल जगत में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। साथ ही, खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, निष्पक्षता और आत्मविश्वास विकसित करने के महत्व को समझाया गया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। इससे विद्यालयों में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चे फिट और स्वस्थ रहें, खेलों में भाग लें तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान को प्रत्येक विद्यार्थी अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाए।
जिला प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को नियमित जीवनशैली में शामिल करने की अपील की गई।
Jehanabad News: National Sports Day was celebrated with enthusiasm in all government schools across the district; students pledged to spend ‘one hour on the sports field.’



















