DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप

Jehanabad News: संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप
InShot_20260817_105357522

जहानाबाद: नगर थाना क्षेत्र के शेख आलमचक निवासी 22 वर्षीय युवक जावेद की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर जावेद के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, युवक की मौत हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बताया जाता है कि जावेद रविवार दोपहर से ही घर से लापता था। परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे। देर रात मारवाड़ी धर्मशाला के समीप एक निजी नर्सिंग होम के पास कचरे के ढेर में जावेद अचेत अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे नशे की हालत में समझकर रिक्शे से घर पहुंचाया। करीब एक-दो घंटे बाद भी जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजनों ने जांच की, जिसमें उसे मृत पाया गया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

मां ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप

मृतक की मां नजमा खातून ने आरोप लगाया कि रविवार को फिदा हुसैन रोड स्थित एक चिकित्सक के यहां काम करने वाले कंपाउंडर और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने जावेद पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया था। परिजनों का दावा है कि उक्त लोगों ने जावेद को धमकी भी दी थी।

परिजनों के अनुसार, जावेद के देर रात तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान वह मारवाड़ी धर्मशाला के समीप कचरे के ढेर में अचेत अवस्था में मिला। परिजनों ने उसके मुंह और कान के पास खून के निशान होने की बात कही है और आशंका जताई है कि उसके साथ मारपीट की गई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक जांच टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने कचरे के ढेर, युवक के घर और अन्य संभावित स्थानों की जांच कर कई नमूने एकत्र किए हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट से मौत के कारणों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

पूर्व में भी जेल जा चुका था युवक

पुलिस के अनुसार, मृतक जावेद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। बताया जाता है कि वह नशे का आदी था और चोरी के आरोप में पूर्व में दो बार जेल भी जा चुका था। पुलिस फिलहाल उसके अतीत, रविवार को उसके साथ हुई घटनाओं और उसकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

प्रभारी थानाध्यक्ष श्याम पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था, जिसने आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Jehanabad News: Youth dies under suspicious circumstances; family alleges he was beaten to death.

Abhishek Kumar
Author: Abhishek Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़