बिहार के जहानाबाद (jehanabad News) सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर हुए विवाद के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी है। डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों और अस्पताल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि डॉक्टरों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना सामने आई। घटना से नाराज डॉक्टरों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया।
डॉक्टरों का कहना है कि युवक के सिर में गोली लगी थी और बिना आवश्यक मशीन के पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने में काफी असुविधा होगी। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में रिपोर्ट की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि मारपीट की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भी उनके साथ बदसलूकी और दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि एक वरीय पुलिस अधिकारी ने डॉक्टर का कॉलर तक पकड़ लिया।
इस घटना के विरोध में मंगलवार को डॉक्टरों ने सदर अस्पताल (Jehanabad News) की ओपीडी सेवा ठप कर दी। हड़ताल के कारण मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित रही। वहीं संबंधित शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया गया है। डॉक्टरों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।



















