शुक्र, अप्रैल 3, 2026

Jehanabad News: साइबर ठगी का बड़ा मामला, एटीएम कार्ड फंसाकर 4.82 लाख रुपये उड़ाए



जहानाबाद शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एटीएम कार्ड फंसने के बहाने ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 4 लाख 82 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के इरकी गांव निवासी कन्हाई चौधरी के बेटे कमलेश कुमार गुरुवार को अंबेडकर चौक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। तभी वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने उन्हें एक नंबर पर फोन करने की सलाह दी। फोन करने पर दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को संबंधित तकनीकी टीम से जुड़ा बताते हुए एटीएम कार्ड निकालने के लिए “इंजीनियर भेजने” का भरोसा दिलाया। हालांकि जब कमलेश दोबारा एटीएम पहुंचे तो वहां कोई इंजीनियर मौजूद नहीं था। उन्होंने उस नंबर पर फिर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
कुछ ही देर बाद उनके घर से फोन आया कि उनके बैंक खाते से 4.82 लाख रुपये की निकासी हो चुकी है। इसके बाद कमलेश कुमार तुरंत साइबर थाना पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें बताया गया कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपराजिता लोहान को लिखित आवेदन दिया।
एसपी अपराजिता लोहान ने बताया कि जनता संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल एटीएम स्थल पर पहुंचकर जांच की, लेकिन वहां कोई कार्ड फंसा नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसबीआई के अधिकारियों को भी बुलाया गया है और जांच जारी है। इस पूरे मामले की जांच के लिए साइबर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान हुई है, जिनका संबंध राज्य के बाहर से बताया जा रहा है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी में जुटी है।
लगातार बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं से शहर के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम से संबंधित किसी भी समस्या में अनजान लोगों या संदिग्ध नंबरों पर भरोसा न करें और तुरंत बैंक या पुलिस से संपर्क करें।

Jehanabad News: Major case of cyber fraud, Rs 4.82 lakh stolen by trapping ATM card

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News