सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: खलिहान में भीषण आग से किसान को भारी नुकसान, धान व नेवारी जलकर राख


जहानाबाद जिले के परस बिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत शहबाजपुर गांव में गुरुवार की रात में एक खलिहान में अचानक भीषण आग लग गई। इस आगलगी की घटना में किसान टूटू शर्मा को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग की चपेट में आकर किसान का लगभग तीन बीघा खेत का धान की नेवारी और एक बीघा धान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित किसान ने बताया कि कटाई के बाद धान की नेवारी को सुरक्षित रखने के लिए खलिहान में रखा गया था, लेकिन अचानक लगी आग ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने की जानकारी मिलते ही उन्होंने फोन के माध्यम से किसान को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर किसान ने देखा कि खलिहान में रखा सारा धान आग की लपटों में घिरा हुआ है। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीम के पहुंचने के बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सारा धान और नेवारी जलकर नष्ट हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और परस बिगहा थाना को दे दी गई है। पीड़ित किसान टूटू शर्मा ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इस घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

Jehanabad: Farmer suffers huge loss due to massive fire in barn, paddy and Nevari burnt to ashes

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News