जहानाबाद: कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), जहानाबाद के तत्वावधान में संयुक्त कृषि भवन परिसर में जिला स्तरीय दो दिवसीय किसान मेला–सह–पशु प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी जहानाबाद अलंकृता पाण्डेय के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। मेले का विधिवत शुभारंभ अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला कार्यकारी समिति के उपाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह ने कहा कि यह किसान मेला कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती, पशुपालन एवं स्वरोजगार के नवीन अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभिन्न विभागों एवं संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भ्रमण कर नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करें। साथ ही उन्नत एवं व्यवसायिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए बैंक एवं नाबार्ड से संपर्क कर वित्तीय सहायता का लाभ उठाने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने मेला परिसर में लगे विभिन्न स्टॉल एवं पशु प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया। जिला कार्यकारी समिति के उपाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन एवं उद्यान से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका समुचित लाभ उठाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा संभावना ने आत्मा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस किसान मेला में पारंपरिक खेती के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्यपालन, इफको, नाबार्ड एवं बैंक से संबंधित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेले में गाय, भैंस, बकरी एवं श्वान (डॉग) की पशु प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो किसानों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार ने कहा कि गायपालन, भैंसपालन एवं बकरीपालन के माध्यम से स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं। इसके लिए पशुपालन विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने पशुपालकों एवं कृषकों को पशुओं से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु विभाग के टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क करने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं की टैगिंग अनिवार्य रूप से कराने की अपील की, ताकि बीमा, मुआवजा एवं अन्य सरकारी लाभ नियमानुसार प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी अहमद अली रजा, कृषि विज्ञान केंद्र गंधार के वैज्ञानिक डॉ. दिनेश महतो, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण अजय कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी रूपेश कुमार अग्रवाल, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जावेद आलम, उप परियोजना निदेशक आत्मा राकेश कुमार एवं अनुप्रिति माला, सहायक निदेशक प्रक्षेत्र रामलखन ठाकुर सहित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मीगण तथा सैकड़ों कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन किसान सलाहकार देवेन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
किसान मेला–सह–पशु प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को नवीन तकनीकों, सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।
Jehanabad News: ATMA, Jehanabad inaugurated two-day district level farmers fair-cum-animal exhibition
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












