सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: बराबर पहाड़ में रोपवे परियोजना का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, पर्यटन विकास को मिलेगा नया आयाम

जहानाबाद ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बराबर पहाड़ क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय ने निर्माणाधीन रोपवे (Ropeway) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि रोपवे निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले की पहचान से जुड़ी है, इसलिए कार्य उच्च मानकों के अनुरूप होना चाहिए। साथ ही परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया कि रोपवे के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक विद्युत आपूर्ति एवं संबंधित बुनियादी ढांचे के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न हो। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बराबर पहाड़ का ऐतिहासिक महत्व न केवल बिहार बल्कि देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। रोपवे परियोजना के शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को पहाड़ तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द पूरा कर आम जनता एवं पर्यटकों को समर्पित किया जाए, ताकि बराबर पहाड़ क्षेत्र को एक विकसित पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।

Jehanabad News: District Magistrate inspected the ropeway project in Barabar mountain, tourism development will get a new dimension

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News