जहानाबाद में इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन लिमिटेड (IWLF) एवं बिहार स्टेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन (BSSA) के तत्वावधान में आयोजित 10वीं यूथ (बालक एवं बालिका), 11वीं जूनियर तथा 56वीं सीनियर (पुरुष एवं महिला) बिहार राज्य वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप–2025 का शनिवार को भव्य उद्घाटन किया गया। चैंपियनशिप का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में घोसी विधायक ऋतुराज कुमार एवं अरवल विधायक मनोज शर्मा उपस्थित रहे। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 22 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन खेल भवन, गांधी मैदान, जहानाबाद (बिहार) में किया जा रहा है, जहां बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली वेटलिफ्टर अपनी शक्ति और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का आयोजन डिस्ट्रिक्ट वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन, जहानाबाद द्वारा किया जा रहा है, जो बिहार वेटलिफ्टर्स एसोसिएशन के संरक्षण में संपन्न हो रही है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिव-नरेश (SHIV-NARESH) की अहम भूमिका है, जो आयोजन का प्रमुख सहयोगी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि बिहार सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को नए अवसर मिलते हैं और उन्हें एक अलग पहचान बनाने का मंच प्राप्त होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जहानाबाद के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
वहीं, अरवल विधायक मनोज शर्मा ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के खिलाड़ियों के हित में कई सार्थक कदम उठा रही है, जिसका सीधा लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है। इससे राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिला है।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बिहार में वेटलिफ्टिंग खेल को प्रोत्साहित करना और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्रदान करना है। चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिल सकता है।
Jehanabad News: Grand celebration of Bihar State Weightlifting Championship 2025
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












