जहानाबाद बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तटवासी समाज न्यास ने ऐलान किया है कि वह आने वाले साल भर में पूरे जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य लेकर सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर कार्य करेगा। यह संकल्प भारत सरकार की 100 दिन की विशेष कार्ययोजना से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य देश भर में बाल विवाह की कुप्रथा को जड़ से खत्म करना है।
देशभर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के एक वर्ष पूरे होने पर 27 नवंबर को यह ‘100 दिवसीय गहन जागरूकता पहल’ शुरू की गई है। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों, विवाह सेवा प्रदाताओं, पंचायतों और नगर वार्डों को विशेष रूप से शामिल किया जा रहा है ताकि इस अपराध पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
तटवासी समाज न्यास, जो देश में बाल अधिकार संरक्षण के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है, ने जिले में जागरूकता कार्यक्रमों और शपथ समारोहों का व्यापक आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया गया। संगठन के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह में किसी भी प्रकार की भागीदारी—चाहे मेहमान, कैटरर्स, टेंट हाउस, बैंड, डेकोरेटर या विवाह कराने वाले पुरोहित—सभी को सजा का प्रावधान है।
संगठन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 1155 बाल विवाह रोकने में सफलता मिली है, जो जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ मजबूत समन्वय का परिणाम है।
सरकार के इस बड़े अभियान का स्वागत करते हुए तटवासी समाज न्यास ने कहा—
“यह 100 दिवसीय अभियान देश की दिशा बदलने वाला साबित होगा। हमारी बेटियों को सदियों से अवसरों से वंचित किया गया है। अब जन प्रतिनिधियों, सरकारी विभागों, कानून लागू कराने वाली एजेंसियों और समुदायों के अभूतपूर्व सहयोग से बाल विवाह को जड़ से खत्म करने की दिशा में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।”
तीन चरणों में चलेगा 100 दिवसीय अभियान
इस अभियान को तीन चरणों में बांटा गया है—
- पहला चरण (31 दिसंबर 2025 तक): स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता
- दूसरा चरण (1 जनवरी – 31 जनवरी 2026): मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे और विवाह सेवाओं से जुड़े पेशेवरों पर फोकस
- तीसरा चरण (1 फरवरी – 8 मार्च 2026): पंचायतों, वार्डों व समुदाय स्तर पर कार्रवाई और जागरूकता
अभियान 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संपन्न होगा।
तटवासी समाज न्यास ने विश्वास जताया कि इस सामूहिक प्रयास से जहानाबाद को निर्दिष्ट समय में बाल विवाह मुक्त जिला बनाया जा सकेगा।
Jehanabad News: Determined to make Jehanabad child marriage free, Coastal Society Trust launched a massive campaign
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












